Home छत्तीसगढ़ समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र...

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

0

विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने अभियान चलाएं, आधार एवं जन्म प्रमाण पत्र भी जल्द बनाएं

एग्रीस्टेक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश, राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर

कोरिया :  कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न स्तरों पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों के निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी समयबद्धता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

हर विद्यार्थी की बने अपार आईडी
कलेक्टर ने विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संकुल समन्वयकों को अभियान चलाकर कार्य पूर्ण कराने तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने कहा।

उन्होंने विद्यार्थियों के आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र की स्थिति की भी समीक्षा की। जिन बच्चों का आधार पंजीयन, आधार अपडेट अथवा जन्म प्रमाण पत्र बनना लंबित है, उनका चिन्हांकन कर संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन और जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण जरूरी
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।

उन्होंने जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का भी संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यक्तिगत रुचि लेकर आवश्यक कार्रवाई करें।

‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ के पोर्टल पर तथ्यपरक जानकारी अपलोड करें
कलेक्टर ने ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को पोर्टल पर निर्धारित जानकारी शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली जानकारी अद्यतन, तथ्यपरक एवं प्रमाणित होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय पर प्रगति दर्ज करने कहा।

एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाएं
बैठक में किसानों से संबंधित एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संस्थागत पंजीयन को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने कहा, ताकि पंजीयन प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डिजिटल क्रॉप सर्वे की नियमित मॉनिटरिंग करें
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक ग्राम में सर्वे की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में सर्वे का कार्य शेष है, वहां विशेष टीम लगाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने सर्वे के दौरान संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा पटवारियों द्वारा सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने एवं लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई पूरी करें। न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल कराएं मरम्मत
बारिश से क्षतिग्रस्त एवं मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। चिन्हांकित सड़कों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर
बैठक में वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति, कार्य प्रारंभ होने की स्थिति एवं लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सुशासन तिहार सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य जनशिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठकों में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, समयबद्धता और जवाबदेही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी इन मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ योगेंद्र श्रीवास, एडीएम सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here