Home छत्तीसगढ़ खेत के बोरघर में छिपा था अवैध शराब का डंप, पुलिस ने...

खेत के बोरघर में छिपा था अवैध शराब का डंप, पुलिस ने 497 पौवा के साथ पकड़ी हजारों की पैकिंग सामग्री

0

डोंगरगढ़ : मोहारा क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब के डंप के खिलाफ साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खेत में बने एक बोरघर में छापा मारकर 497 पौवा यानी 89.46 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा के 429 पौवा और छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल के 68 पौवा शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को बोरघर से सिर्फ शराब ही नहीं मिली, बल्कि बड़ी मात्रा में शराब की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई है। इससे पुलिस को अवैध शराब के पीछे बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है।

शराब के साथ मिले हजारों स्टीकर और लेबल

पुलिस के मुताबिक, बोरघर की तलाशी के दौरान 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां, 303 खाली प्लास्टिक शीशियां और 598 ढक्कन बरामद किए गए हैं।

इतनी बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री मिलने के बाद पुलिस अब मामले को केवल अवैध शराब की जब्ती तक सीमित नहीं रख रही है। जांच का फोकस शराब के स्रोत, पैकिंग सामग्री की सप्लाई और इसे खपाने वाले नेटवर्क तक पहुंचने पर है।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने दउवा वर्मा और नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटे कट्टी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी की भूमिका के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।

जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और स्टीकर, लेबल, खाली शीशियां तथा ढक्कन किसके जरिए आरोपियों तक पहुंचे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खाली शीशियों और पैकिंग सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब और पैकिंग सामग्री कहां से लाई गई और इसे आगे कहां खपाने की तैयारी थी। जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।

मोहारा क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध शराब डंप किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस अब अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here