राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर गरियाबंद भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर मैनपुर स्थित गणेश पंडाल पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा लेने पहुंचे नन्हे बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ गणेश उत्सव की खुशियां साझा की। जिला अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने बच्चों को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भेंट की, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से संवाद करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश बच्चों के सबसे प्रिय देवताओं में से एक हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ बप्पा की पूजा-अर्चना करें और गणेश उत्सव को उत्साह एवं उमंग के साथ मनाएं। बच्चों के बीच पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष का सहज और आत्मीय अंदाज सभी को पसंद आया। वे कुछ देर तक बच्चों के साथ घुल-मिलकर बातचीत भी की।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर मैनपुर सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। गणेश पंडालों के साथ ही घर-घर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। नन्हे भक्तों के बीच पहुंचकर गणेश प्रतिमा भेंट करने की पहल ने उत्सव की खुशियों को और बढ़ा दिया। गणेश प्रतिमा हाथ में आते ही बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान इस पूरे आयोजन का सबसे खूबसूरत दृश्य रही।
इस मौके पर भाजपा जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, जिला महामंत्री युवा मोर्चा नंदकिशोर चौबे, दिनेश सचदेव, घनश्याम मरकाम, रितेश यादव, मनोज निर्मलकर, हरीश यादव, रोहित नायक सहित कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित थे।




