सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखकर की भगवान शिव पार्वती की पूजा अर्चना
घर-परिवार की सुख समृद्धि के लिये की प्रार्थना
मनेन्द्रगढ़। पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख समृद्धि की कामना को लेकर हरितालिका तीज का पर्व मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को विधि विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना की और अपने पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।
हरितालिका तीज को लेकर घरों और मंदिरों में विशेष पूजा की गई। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक परिधानों में पूजा-अर्चना की और माता पार्वती को सुहाग की सामग्री अर्पित की। इस दौरान तीज के पारंपरिक गीतों और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिये माता पार्वती ने किया था कठोर तप
पौराणिक मान्यता के अनुसार हरितालिका तीज का संबंध माता पार्वती के कठोर तप और भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने से जुड़ा है। मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिये कठिन तपस्या की थी। उन्होंने भाद्रपद शुक्ल तृतीया के दिन कठोर व्रत और साधना की। माता पार्वती की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया।इसी धार्मिक मान्यता के आधार पर विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और दांपत्य जीवन में सुख-शांति की कामना से हरितालिका तीज का निर्जला व्रत रखती हैं वहीं कुंवारी कन्याएं भी अच्छे जीवनसाथी की कामना से इस व्रत को श्रद्धापूर्वक करती हैं।
शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा अखंड सौभाग्य
पर्व के अवसर पर महिलाओं ने भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की पूजा कर उन्हें फल, फूल, बेलपत्र, धतूरा, श्रृंगार सामग्री सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। महिलाओं ने तीज व्रत की कथा सुनी और परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु तथा अखंड सौभाग्य की प्रार्थना की।मनेन्द्रगढ़ के साथ चिरमिरी, खोंगापानी, झगराखाण्ड, नागपुर सहित आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में भी तीज पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया। देर शाम पूजा-अर्चना और व्रत कथा के बाद महिलाओं ने व्रत का पारण किया।




