भूमि, आवास, पट्टा, राशन दुकान, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर पहुंचे नागरिक
एमसीबी : कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनदर्शन में नागपुर निवासी तारा देवी ने उचित मूल्य दुकान के संचालक द्वारा हितग्राहियों से अभद्र व्यवहार किए जाने तथा भूमि संबंधी समस्या के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसी तरह मनेन्द्रगढ़ निवासी जमील शाह ने छूटे हुए परिवारों का सर्वे कराने तथा पूर्व में सर्वे किए गए परिवारों को पट्टा आवंटित किए जाने की मांग रखी। रोझी निवासी फूलमती ने पट्टा में अपना नाम जुड़वाने के संबंध में आवेदन दिया, जबकि सलका निवासी दिव्या साहू ने आवास सूची से नाम कट जाने की समस्या बताते हुए अपना नाम पुनः आवास सूची में जोड़ने का अनुरोध किया।
नागपुर निवासी तारा देवी ने शासकीय उचित मूल्य दुकान अथवा सोसायटी का संचालन महिला स्व-सहायता समूह को दिए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। देवाडांड के समस्त ग्रामवासियों ने आवास योजना के तहत पात्र सूची में शामिल नामों का पुनः स्थल निरीक्षण कराने की मांग की, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। मोरगा निवासी प्रसंगी ने इलेक्ट्रिक साइकिल प्राप्त करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
मेन्ड्राडोल निवासी महेश्वर ने अपने पुत्रियों के जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं ग्राम पंचायत सचिव भर्ती के संबंध में रमाकांत यादव ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए दो अनारक्षित सीटों का विज्ञापन में प्रावधान किए जाने की मांग रखी। मेन्ड्राडोल निवासी वीर बहादुर, नागपुर निवासी भुवनेश्वर प्रजापति तथा मनेन्द्रगढ़ निवासी शेख जावेद ने भूमि संबंधी अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।
कोथारी निवासी बालगोविन्द ने रकबा पंजीयन नहीं होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को कलेक्टर ने गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया को गति मिल रही है।




