Home मनोरंजन सचिन तेंदुलकर ने चांदी के सिंहासन में किया बप्पा का स्वागत, धूमधाम...

सचिन तेंदुलकर ने चांदी के सिंहासन में किया बप्पा का स्वागत, धूमधाम से मनाई गणेश चतुर्थी, पारंपरिक लुक में छाईं बेटी सारा और बहू सानिया

0

मुंबई :गणेश चतुर्थी के मौके पर देशभर में भगवान गणेश के स्वागत की धूम है। खासकर मुंबई में गणेशोत्सव का उत्साह देखते ही बनता है। आम लोगों से लेकर फिल्म और खेल जगत की बड़ी हस्तियां तक अपने घरों में बप्पा का स्वागत कर रही हैं। इसी कड़ी में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने भी अपने घर गणपति की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर घर में हुए गणपति पूजन की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इन तस्वीरों में बप्पा बेहद भव्य अंदाज में चांदी के सिंहासन पर विराजमान नजर आ रहे हैं।

चांदी के सिंहासन पर विराजे बप्पा

सारा तेंदुलकर द्वारा साझा की गई तस्वीरों में गणपति बप्पा की सुंदर प्रतिमा के साथ घर की खास सजावट भी देखने को मिल रही है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर बप्पा के प्रिय मोदक से सजी थाल की झलक भी सारा ने दिखाई।

वहीं एक वीडियो में सचिन तेंदुलकर भगवान गणेश की आरती करते नजर आ रहे हैं। तेंदुलकर परिवार ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बप्पा का स्वागत किया। तस्वीरें सामने आते ही प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दी।

गुलाबी सूट में सारा, हरी साड़ी में सानिया

गणेशोत्सव के खास मौके पर तेंदुलकर परिवार का पारंपरिक अंदाज भी देखने को मिला। सारा तेंदुलकर ने चटक गुलाबी रंग का खूबसूरत सूट पहना था। वहीं अर्जुन तेंदुलकर की पत्नी सानिया चंडोक हरे रंग की साड़ी में बेहद आकर्षक नजर आईं।

घर की सजावट से लेकर भोग और पूजा की तैयारियों तक, तेंदुलकर परिवार ने गणेश चतुर्थी के लिए खास इंतजाम किए।

परिवार के साथ ‘एंटीलिया के राजा’ के दर्शन

गणेशोत्सव के दौरान सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ अंबानी परिवार के घर आयोजित गणपति उत्सव में भी पहुंचे। सचिन के साथ उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटे अर्जुन, बहू सानिया और बेटी सारा भी नजर आईं।

हर साल अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में बॉलीवुड, खेल और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने परिवार के साथ बप्पा के दर्शन किए।

वहीं अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में नीता अंबानी भी खास अंदाज में नजर आईं। उन्होंने ऑरेंज और मजेंटा रंग की साड़ी पहनी थी। उनके पारंपरिक लुक के साथ गले में नजर आ रहा जड़ाऊ हार भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।

गणेश चतुर्थी के मौके पर तेंदुलकर परिवार की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही हैं और प्रशंसक बप्पा के दर्शन के साथ पूरे परिवार के पारंपरिक अंदाज की भी तारीफ कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here