Home छत्तीसगढ़ परिजनों से नाराज होकर अस्पताल से निकली नवप्रसूता: मेन रोड के पास...

परिजनों से नाराज होकर अस्पताल से निकली नवप्रसूता: मेन रोड के पास पेड़ से लटका मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

0

कोरबा :जिले के छुरीकला निवासी नवप्रसूता कविता केंवट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर ग्राम जेंजरा मेन रोड के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कविता को 10 सितंबर को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

प्रसव के बाद बिगड़ी नवजात की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, प्रसव के बाद कविता के नवजात बच्चे की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके चलते बच्चे को अस्पताल के SNCU/ICU में भर्ती रखा गया था। इसी दौरान बीती रात किसी बात को लेकर कविता अपने परिजनों से नाराज हो गईं और अचानक अस्पताल से बाहर निकल गईं।

कविता के अस्पताल से बाहर जाने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे।

पेड़ से लटका मिला शव

मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे ग्राम जेंजरा मेन रोड के पास ग्रामीणों की नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी। शव की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना सरपंच को दी। सरपंच ने तत्काल कटघोरा पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कविता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही अस्पताल से बाहर निकलने के बाद कविता कहां गईं और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here