खरोरा, 16 सितंबर 2026 :- पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा में विश्व ओजोन दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ओजोन परत के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत ओजोन परत संरक्षण विषयक जागरूकता पोस्टर प्रदर्शनी से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने आकर्षक चित्रों एवं प्रभावशाली संदेशों के माध्यम से पृथ्वी को हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में ओजोन परत की महत्ता को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने भाषण एवं विचार अभिव्यक्ति के माध्यम से “ओजोन बचाओ–पृथ्वी बचाओ” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज ने अपने उद्बोधन में कहा कि ओजोन परत पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने, प्रदूषण कम करने तथा प्रकृति संरक्षण के लिए जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
व्याख्याता शाहिना परवीन ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिवर्ष 16 सितंबर को विश्व ओजोन दिवस मनाया जाता है, जिससे मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल के महत्व और ओजोन संरक्षण के वैश्विक प्रयासों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञान शिक्षिका रजनी त्रिपाठी, रीतारानी वर्मा, व्याख्याता संगीता नायक, चमेली ठाकुर,जगदेव सिंह बंजारे, सेवानिवृत व्याख्याता डोमार सिंह यादव, ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ओजोन परत की संरचना, उसके क्षरण के कारण तथा क्लोरोफ्लोरोकार्बन (CFC) जैसी गैसों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे पर्यावरणीय प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ पृथ्वी का आधार बन सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही तथा अंत में सभी ने ओजोन परत संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।




