कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
स्कूल नहीं गईं, दोपहर में तालाब पहुंचीं
जानकारी के अनुसार, हादसे के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। उनके परिजन रोज की तरह काम पर चले गए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां नहाने के लिए तालाब चली गईं।
काफी देर तक बच्चियों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान पता चला कि तीनों बच्चियां तालाब की ओर गई थीं। इसके बाद ग्रामीण तालाब पहुंचे।
किनारे मिले कपड़े-चप्पल, फिर दिखा शव
तालाब के पास पहुंचने पर ग्रामीणों को तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पल किनारे पर पड़े मिले। इसी दौरान तालाब के पानी में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई और तालाब में खोजबीन शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद तीनों शव बरामद
काफी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जब तीनों बच्चियां तालाब में नहाने पहुंची थीं, उस समय वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। बाद में ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




