Home छत्तीसगढ़ सक्ती में योजनाओं की समीक्षा बैठक, कलेक्टर जयश्री जैन ने कहा- पीएम...

सक्ती में योजनाओं की समीक्षा बैठक, कलेक्टर जयश्री जैन ने कहा- पीएम आवास में तेजी लाएं, स्वच्छता पर दें जोर

0

सक्ती :  कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विकसित भारत जी-राम-जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की योजनावार स्थिति की जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने मैदानी स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी और कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।

मनरेगा में बढ़ाएं मानव दिवस, अधूरे काम जल्द हों पूरे

विकसित भारत जी-राम-जी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने श्रमिक मूलक कार्यों में वृद्धि करने और अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकित कर योजनाबद्ध तरीके से जल्द पूरा कराने को कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध श्रमशक्ति का प्रभावी उपयोग करते हुए रोजगारपरक कार्यों को गति दी जाए और योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वीकृति के लिए लंबित आवासों की आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवास निर्माण की नियमित निगरानी करते हुए हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

51 ग्राम पंचायतों में अक्टूबर तक फोर-वे संग्रहण

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में ग्रामीण स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा हुई।

कलेक्टर जयश्री जैन ने लक्षित 51 ग्राम पंचायतों में अक्टूबर माह तक फोर-वे संग्रहण की व्यवस्था पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक शौचालयों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने और जिले के सभी गांवों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था लगातार बनाए रखने को कहा।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सितंबर अंत तक पूरा होगा लखपति दीदी सर्वे

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लखपति दीदी सर्वे का कार्य सितंबर माह के अंत तक पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों और संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए और मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण कर क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए।

पात्र हितग्राही तक योजना का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

कलेक्टर जयश्री जैन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजना का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने विभागीय कार्यों की लगातार निगरानी, बेहतर समन्वय और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ सी.के. आदिले, जैजैपुर के सीईओ संदीप कश्यप, मालखरौदा के सीईओ तेजेश्वर यादव, डभरा के सीईओ उमेश रात्रे सहित जिला पंचायत और जनपद पंचायतों की मनरेगा, एनआरएलएम, पीएमएवाई सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here