खोंगापानी : नगर पंचायत खोंगापानी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने छात्राओं को साइकिल वितरित की। साइकिल हाथ में आते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्राओं और अभिभावकों ने इस पहल को बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की शिक्षा की राह को सुगम बनाना है, ताकि आर्थिक अथवा भौगोलिक परिस्थितियां उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और आवागमन में लगने वाले समय की बचत भी होगी।
विधायक ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा उनकी पढ़ाई में निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज की बेटियां ही आने वाले समय में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ऐसे में प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना जरूरी है।
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल से विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। इससे आवागमन में लगने वाला समय बचेगा और पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। अभिभावकों ने भी शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बेटियों को नियमित रूप से स्कूल पहुंचने में मदद मिलेगी और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता यादव, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र विश्वकर्मा, विनोद गुप्ता, प्रदीप वर्मा, भाजपा नेता सरजू यादव, हसदेव मंडल अध्यक्ष बबीता सिंह, मंडल महामंत्री भगवान दास, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण सहित नगर के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





