विकसित भारत और सेवा संकल्प पर बनाया आकर्षक पेंटिंग
कोरिया : सेवा संकल्प अभियान के तृतीय दिवस जिले के विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ की परिकल्पना को साकार करते हुए ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिलेभर के स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और वैचारिक कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने वर्तमान भारत के साथ भविष्य के भारत की तस्वीर भी प्रस्तुत की। ‘स्वच्छ भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘सेना का शौर्य’, ‘नया कश्मीर’ और ‘नक्सलवाद’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार और कल्पनाएं चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से व्यक्त कीं। वहीं ‘सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत 2047’, ‘नक्सल मुक्त भारत’, ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का प्रभाव’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने भविष्य के भारत को लेकर अपनी सोच को रचनात्मक रूप से सामने रखा।
विद्यालय स्तर से जिला स्तर तक पहुंचेगी प्रतिभाओं की यात्रा
आयोजन के तहत प्रत्येक विद्यालय से एक सर्वश्रेष्ठ भाषण एवं एक उत्कृष्ट ड्राइंग का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। विकासखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगामी 3 अक्टूबर को मानस भवन, बैकुण्ठपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बच्चों की प्रतिभा को मंच देने की जरूरत- कलेक्टर
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में किया गया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। बच्चों के सपनों और उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति में भविष्य के भारत की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सपनों और प्रतिभा को अभिव्यक्ति देने का सार्थक माध्यम हैं। उन्होंने कहा हर बच्चे में प्रतिभा होती है, उन्हें मंच देने की जरूरत है।
जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल साक्षर बनाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को दिशा देना भी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों के भारत की कल्पना और उसके निर्माण में वैचारिक रूप से सहभागी बनने का अवसर मिल रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, जनपद सदस्य सहित शिक्षकों, प्राचार्यों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना की। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं, विचारों और भविष्य के भारत के प्रति अपनी सोच को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।




