Home छत्तीसगढ़ पहले गोपनीय प्लान, फिर अचानक छापा… जांजगीर पुलिस ने पकड़े 9 जुआरी,...

पहले गोपनीय प्लान, फिर अचानक छापा… जांजगीर पुलिस ने पकड़े 9 जुआरी, लाखों रुपए जब्त

0

जांजगीर-चांपा :  जांजगीर पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बनारी गांव के एक सुनसान मकान में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक यहां ताश के पत्तों पर लाखों रुपए का दांव लगाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 28 हजार रुपए नकद और ताश की गड्डियां बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में जुआ संचालित होने की सूचना लगातार मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में जुआ खेलने और खिलाने वालों पर नजर रखनी शुरू की। रविवार रात सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

फोन बंद कर बनाई गई थी विशेष टीम

कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सीएसपी योगिता खापर्डे के नेतृत्व में टीम तैयार की गई। इसमें कोतवाली पुलिस के साथ रिस्पॉन्स टीम के जवानों को शामिल किया गया। पुलिस के मुताबिक छापेमारी से पहले कार्रवाई में शामिल जवानों के मोबाइल फोन बंद करा दिए गए थे, ताकि दबिश की जानकारी लीक न हो।

इसके बाद टीम ने बनारी गांव स्थित मकान की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगा रहे लोगों को पकड़ लिया गया। मौके से 4.28 लाख रुपए नकद बरामद हुए।

जांजगीर और नैला के 9 लोग गिरफ्तार

उप पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में जांजगीर और नैला क्षेत्र के लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भैरव मिश्रा, अखिलेश राठौर, राम नारायण राठौर, धीरज पाठक, राहुल बजाज, अविनाश राठौर, मुकेश बजाज, कृष्ण कुमार चंद और तालिब खान निवासी नैला के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here