Home छत्तीसगढ़ रेलवे कॉलोनी कॉपर वायर चोरी कांड में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

रेलवे कॉलोनी कॉपर वायर चोरी कांड में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

0

निशानदेही पर करीब 3 किलो कॉपर वायर बरामद, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

मनेन्द्रगढ़। शहर की रेलवे कॉलोनी में गैराज से कॉपर वायर चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 किलो कॉपर वायर बरामद कर विधिवत जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार रेलवे कॉलोनी निवासी गुरु दत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में राकेश यादव पिता श्यामलाल, उम्र 22 वर्ष तथा अंशु देवांगन पिता स्व. समयलाल, निवासी वार्ड नंबर 7, ग्राम सेंधा, चौकी नागपुर को गिरफ्तार किया था।

दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलो कॉपर वायर तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई थी। बरामद सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई थी। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी पुलिस टीम

पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (IPS) के निर्देश पर चोरी के मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन तथा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी दीपक सिंह पिता विजय सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी शारदा मंदिर के पास, वार्ड नंबर 14, मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3 किलो कॉपर वायर बरामद किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा, आरक्षक प्रदीप एक्का, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल) तथा होमगार्ड विनीत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की आमजन से अपील

मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चोरी अथवा किसी अन्य आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी होने पर पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी के मामलों में फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here