Home छत्तीसगढ़ अभी और बरसेगा पानी! छत्तीसगढ़ में 4 संभागों पर भारी बारिश का...

अभी और बरसेगा पानी! छत्तीसगढ़ में 4 संभागों पर भारी बारिश का खतरा, जानिए कब मिलेगी राहत

0

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डीप डिप्रेशन के प्रभाव से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। लगातार पानी बरसने से नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। राजधानी रायपुर में भी सुबह से बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।

रायपुर में 24 घंटे में 11 सेमी बारिश

पिछले 30 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश हुई। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है और इसके बाद भी बारिश का दौर जारी है।

15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा अवदाब

मौसम विभाग के मुताबिक, एक अवदाब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना हुआ है। यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इसके अगले करीब 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटों में इसके कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।

26 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी बारिश की भी संभावना है।

भारी बारिश का असर मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।

रायपुर में भी रुक-रुककर बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान रुक-रुककर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

जगदलपुर में 25 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हुई। जगदलपुर में सबसे ज्यादा 25 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा लोहंडीगुड़ा में 23 सेमी, बास्तानार और नानगुर में 22-22 सेमी, भनपुरी और मदार्पाल में 21-21 सेमी तथा तोकापाल और माकड़ी में 20-20 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

बस्तर और केशकाल में 19-19 सेमी, बचेली में 18 सेमी, देवभोग में 17 सेमी और कोहकामेटा में 16 सेमी बारिश हुई।

वहीं अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर में 13-13 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

27 सितंबर से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 27 सितंबर से पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here