राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर हुई चर्चा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत किया फल वितरित।
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वां एपिसोड का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम गरियाबंद के भिलाई स्थित सियान सेवा सदन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों, वरिष्ठ नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वृद्ध रमला बाई साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को मन की बात में देशवासियों को संबोधित करते हैं।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए देश के वीर जवानों के साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन किया। उन्होंने आगामी जनगणना में देश के प्रत्येक नागरिक से सहभागी बनने की अपील करते हुए जनगणना की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल जी की जयंती के अवसर पर उनके राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के गौरव और उसके ऐतिहासिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक आक्रमणों के बावजूद आज भी सोमनाथ की भव्यता और भारतीय संस्कृति का गौरव पूरी दृढ़ता के साथ कायम है। इसी क्रम में उन्होंने मोढेरा सूर्य मंदिर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं पर भी अपने विचार रखे।
श्री मोदी जी ने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए देशभर में जनमानस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण से होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।उन्होंने नशामुक्त युवा अभियान से जुड़े युवाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और संकल्प आने वाले समय में विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।प्रधानमंत्री ने प्रतापगढ़ के किसानों द्वारा आंवला उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वहां 100 से अधिक इकाइयां इस क्षेत्र में कार्य कर रही हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। साथ ही उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की मुनगा सब्जी के पोषण संबंधी लाभों का भी उल्लेख किया तथा देश को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए पौष्टिक आहार और स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला गरियाबंद के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, मंत्री भाजपा जिला सुरेंद्र सोनटेके, मंडल अध्यक्ष बिन्द्रानवागढ़ धनराज विश्वकर्मा, सियान सेवा सदन के संचालक कोमल साहू सहित बड़ी संख्या में बुजुर्गजन एवं उपस्थित नागरिकों ने ‘मन की बात’ का श्रवण किया।कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ, आत्मनिर्भर, नशामुक्त, पर्यावरण-संरक्षित एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




