कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज खुड़िया रानी धाम में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों, खुड़िया रानी सेवा समिति, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, डीएफओ श्री शशि कुमार, एसएसपी श्री लाल उमेद सिंह, एसडीएम श्री समीर बड़ा, खुड़िया रानी सेवा समिति के अध्यक्ष श्री चन्द्रदेव प्रकाश ग्वाला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री पुष्कर पटले, भाजपा जिला महामंत्री श्री मुकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शंकर गुप्ता, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती मानमती, समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, पंचायत प्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन खुड़िया रानी सेवा समिति के अध्यक्ष श्री चन्द्रदेव प्रकाश ग्वाला द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने खुड़िया रानी धाम के समग्र विकास हेतु विभिन्न निर्माण एवं जनसुविधा कार्यों का प्रस्ताव रखा तथा सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान क्षेत्र की आवश्यकताओं की ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री शशि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि खुड़िया रानी क्षेत्र में नाला पर स्टॉप डेम निर्माण, सरना परिसर की बाउंड्री वॉल, चबूतरा निर्माण, सीढ़ी मरम्मत एवं रेलिंग तथा स्वागत द्वार निर्माण के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं और इनका कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शादी-विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों हेतु भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा मुण्डन संस्कार एवं धार्मिक आयोजनों के लिए रंगमंच एवं चबूतरा निर्माण हेतु अतिरिक्त 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
खुड़िया रानी सेवा समिति द्वारा धाम को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। समिति ने निर्णय लिया कि खुड़िया रानी परिसर में शराब बेचने अथवा शराब का सेवन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों से जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही पूरे परिसर को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग शुल्क व्यवस्था लागू करने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खुड़िया रानी सेवा समिति के नाम से दोना-पत्तल विक्रय केंद्र प्रारम्भ किए जाने का भी निर्णय लिया गया।
अंत में खुड़िया रानी सेवा समिति के अध्यक्ष श्री चन्द्रदेव प्रकाश ग्वाला ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खुड़िया रानी धाम के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास के लिए समिति निरंतर कार्य करती रहेगी।





