सक्ती : जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम केरीबंधा निवासी श्री बाबूलाल बरेठ ने दाखिल खारिज में संशोधन किए जाने के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम भद्रीपाली निवासी अनिल कुमार गोंड ने अभिलेख सुधार कराने के सम्बन्ध में, तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम भेड़िकोना निवासी संध्या सिदार ने रोजगार हेतु आवेदन के सम्बन्ध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम छोटे कोट निवासी दादूराम ने वृद्धा पेंशन दिलाने के सम्बन्ध में, तहसील अड़भार अंतर्गत अड़भार निवासी श्रीमती केवरा बाई सहिस ने पट्टा प्रदान करने के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम मल्दी नन्दौर खुर्द निवासी श्रीमती महेश्वरी साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।




