बालोद : किसान सहकारी विपणन समिति मर्यादित गुण्डरदेही (पंजीयन क्रमांक 58,) की 44वीं वार्षिक साधारण सभा का भव्य आयोजन मंगलवार को समिति प्रांगण में किया गया। इस आमसभा में संस्था के वित्तीय लेखा-पत्रों, आगामी बजट और महत्वपूर्ण प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन थे अध्यक्षता प्राधिकृत अधिकारी विजय सिन्हा ने की।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के.के. राजू चंद्राकर, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती ममता चंद्राकर,दिलीप कुल्हारे प्राधिकृत कलंगपुर,हरदेव लाल सार्वा प्राधिकृत हल्दी,प्रबंधक सोमेंद्र कुमार साहू, सहायक प्रबंधक संतोष चंद्राकर, पीडीएस प्रभारी ज्ञानेश्वर प्रसाद साहू एवं मार्केटिंग सोसायटी के समस्त कर्मचारी तथा सभी शेयरधारक किसान भाई बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्राधिकृत अधिकारी विजय सिन्हा ने बताया समिति लाभ की स्थिति में है समिति द्वारा 28 उचित मूल्य की दुकान संचालन किया जा रहा हैं वहीं एक और उचित मूल्य की दुकान की अनुमति के बाद इसकी संख्या 29 हो जाएगी।उन्होंने बताया वर्ष 2025-26 समिति का कुल लाभ 9लाख से अधिक है।
सहकारिता का भाव इस संस्था में दिखता है
प्रबंधक सोमेंद्र साहू ने कहा सहकारिता का भाव इस संस्था में दिखता है।उन्होंने बताया पूर्व के संचालक मंडल की दूरदर्शिता के चलते यह सबसे मजबूत समिति है और समिति लगातार उत्तरोत्तर प्रगति कर रही है जिसके चलते निरंतर लाभ की स्थिति बनी हुई है और सदस्यों के सहयोग से संस्था मजबूती से खड़ा है।
363 सदस्य और लगातार लाभ में संस्था
प्रबंधक सोमेंद्र कुमार साहू ने बताया 31 मार्च 2026 की स्थिति में संस्था में कुल 363 सदस्य हैं, जिनमें 341 व्यक्तिगत सदस्य, 21 सेवा सहकारी समितियां तथा 1 राज्य शासन शामिल हैं। वर्ष 2013-14 से संस्था लगातार लाभ अर्जित कर रही है। वर्ष 2024–25 में संस्था को 10.33 लाख रु का शुद्ध लाभ हुआ था। वर्ष 2025–26 में संस्था ने 9.26 लाख रु का शुद्ध लाभ कमाया। वर्ष 2026–27 (1 अप्रैल से 26 अगस्त तक) संस्था को 5.80 लाख रु का लाभ प्राप्त हो चुका है, जिसके इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 15 लाख रु तक पहुंचने का अनुमान है।
वर्तमान में बैंक में संस्था की अपनी पूंजी
1.28 करोड़ रु की फिक्स डिपॉजिट (FD) के रूप में जमा है, जो वर्ष 2026–27 में बढ़कर 1.50 करोड़ रु होने का अनुमान है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने संस्था के प्रयासों को सराहा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा किसान सहकारी विपणन समिति गुण्डरदेही किसानों के हितों की रक्षा और उनकी प्रगति के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद संस्था की वित्तीय स्थिति का मजबूत होना और लगातार लाभ में रहना प्रबंधन तथा कर्मचारियों की निष्ठा और किसानों के विश्वास का परिणाम है।
शासन से 70 लाख रु का बकाया भुगतान अटका
आमसभा के दौरान शासन स्तर पर लंबित राशियों का मुद्दा भी सामने आया। बताया गया कि ई-पास कमीशन (21रु प्रति क्विंटल) के तहत 1 जनवरी 2022 से मार्च 2026 तक का लगभग 50 लाख रु बकाया है।
वित्तीय पोषण एवं मार्जिन कमीशन अंतर की राशि मिलाकर संस्था को राज्य व केंद्र शासन से कुल लगभग 70 लाख रु प्राप्त होना बाकी है। कार्यक्रम में संस्था में योगदान के लिए पूर्व अंशधारी किसानों का पुरोधा सम्मान किया गया।




