Home छत्तीसगढ़ छात्रावास अधीक्षिका के आवास में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

छात्रावास अधीक्षिका के आवास में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

0

टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद, 1.80 लाख की सामग्री जब्त

कोरिया :  जिले के पटना थाना क्षेत्र में प्री-मैट्रिक छात्रावास की अधीक्षिका के आवास में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सैमसंग एलईडी टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर, सोने की चेन, चांदी की पायल और कान की बाली सहित करीब 1 लाख 80 हजार रुपये की सामग्री बरामद कर जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को प्री-मैट्रिक छात्रावास पटना की अधीक्षिका के आवास का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने घर में रखे टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर, सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नगद सहित करीब 2 लाख 30 हजार 600 रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। मामले में थाना पटना में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 331(4), 300(1), 3(8) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान प्राप्त सूचना और पुलिस द्वारा की गई तस्दीक के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सैमसंग एलईडी टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर, सोने की चेन, चांदी की पायल और कान की बाली बरामद कर जब्त की। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपी पटना के सरनापारा के निवासी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महबूब रजा उर्फ बाबू (19 वर्ष) और सौरभ गुप्ता उर्फ राजा गुप्ता (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सरनापारा, वार्ड क्रमांक 05, थाना पटना, जिला कोरिया के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 29 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है। चोरी की घटना के खुलासे में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक संदीप साय एवं प्रदीप साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here