Home छत्तीसगढ़ गौ हत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 घंटे में 5...

गौ हत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

0

गौवंश के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने तेज की जांच, गौमांस, टांगी और चाकू बरामद; एक आरोपी नाबालिग

बैकुंठपुर/कोरिया :  कोरिया जिले के चौकी पोड़ी बचरा एवं थाना बैकुंठपुर क्षेत्र में गौवंश की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 30 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौमांस के अवशेष तथा घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 26 सितंबर 2026 को ग्राम पोड़ी कंवरपारा के पीछे गड्ढे वाले खेत में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सरपंच सुशीला पति जयप्रकाश सिंह, निवासी पोड़ी बरपारा की रिपोर्ट पर चौकी पोड़ी बचरा, थाना बैकुंठपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, साइबर सेल तथा चौकी पोड़ी बचरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से खुला मामला

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संजय कुर्रे, धर्मेन्द्र कुर्रे, सुभाष कुर्रे, विक्की उर्फ अमन कुमार, सभी निवासी पोड़ी बैरडांड तथा कोड़ांगी थाना खड़गवां निवासी एक नाबालिग आरोपी की भूमिका सामने आई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों के समक्ष गौमांस के अवशेष, टांगी और चाकू बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण में लागू धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए 29 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक प्रथम सूचना दर्ज होने के मात्र 30 घंटे के भीतर पांच आरोपियों की गिरफ्तारी इस कार्रवाई की प्रमुख उपलब्धि रही। कार्रवाई में चौकी प्रभारी लवांग सिंह, सउनि एलसी कश्यप, प्रधान आरक्षक सुनील कुमार साहू, चालक सूरज यादव, आरक्षक अजय कुमार सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सहित चौकी स्टाफ तथा साइबर सेल बैकुंठपुर प्रभारी अमोल खलखो, सजल जायसवाल, अमरेशानंद ठाकुर, राजेश रागरा एवं अमल कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोरिया पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराध और पशु क्रूरता सहित अन्य अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here