आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए वार्ड 12 की पार्षद अंबिका ध्रुव ने अपने पार्षद मानदेय से उपलब्ध कराया ड्रेस कोड
संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित आंगन मिलन समारोह में वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद अंबिका ध्रुव ने बच्चों के लिए अनुकरणीय पहल करते हुए आंगनबाड़ी में आने वाले सभी बच्चों को एक समान ड्रेस उपलब्ध कराई। स्कूलों की तर्ज पर आंगनबाड़ी बच्चों के लिए ड्रेस कोड की यह पहल पूरे वार्ड में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पार्षद अंबिका ध्रुव ने अपने पार्षद मानदेय की राशि से आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों के लिए एक जैसी ड्रेस खरीदकर उपलब्ध कराई। नई ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी नजर आई, वहीं उनके माता-पिता के चेहरों पर भी संतोष और प्रसन्नता दिखाई दी। इस पहल को लेकर वार्डवासियों ने पार्षद की सराहना की।
मोदी जी की अपील से मिली प्रेरणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए समाज के लोगों से पुराने लेकिन उपयोगी खिलौने, बच्चों के कपड़े एवं अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की जाती रही है, ताकि आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसी भावना से प्रेरित होकर पार्षद अंबिका ध्रुव ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बच्चों को ‘रिटर्न गिफ्ट’ के रूप में ड्रेस उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
पार्षद ने कहा कि आंगनबाड़ी के बच्चे भी हमारे समाज और भविष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें बेहतर वातावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने मानदेय से बच्चों के लिए यह ड्रेस उपलब्ध कराई।
जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
आंगन मिलन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति चेलेश्वरी साहू, राजस्व विभाग के सभापति शंकरदेव, पार्षद देवचरण ध्रुव, एल्डरमैन प्रतिमा देवांगन, महिला मोर्चा महामंत्री यशोदा साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों ने पार्षद अंबिका ध्रुव की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि अपने दायित्व के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दें, तो छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। अंबिका ध्रुव की यह पहल बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना का सुंदर उदाहरण है।




