Home छत्तीसगढ़ जशपुर में 2.40 करोड़ की गांजा तस्करी का खुलासा, मिर्ची की बोरियों...

जशपुर में 2.40 करोड़ की गांजा तस्करी का खुलासा, मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 440 किलो गांजा

0

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर जांच के दौरान मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मामले में उत्तरप्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गांजे और तस्करी में इस्तेमाल वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाए थे गांजे के पैकेट

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर तलाशी ली गई।

वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान मो. वसीम (28 वर्ष) और मो. आसिफ (34 वर्ष), निवासी प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के रूप में बताई। उन्होंने पुलिस को बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लदी हैं और इन्हें ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा है।

वाहन की गहन जांच के दौरान पुलिस को ऊपर मिर्ची की बोरियां मिलीं। इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला।

 440.63 किलो गांजा, 20 लाख का मिनी ट्रक जब्त

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान 14 बोरियों से गांजे के कुल 440 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है।

आरोपियों से गांजे के परिवहन और उससे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को भी जब्त कर लिया। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इस तरह कुल जब्ती 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की हुई।

 ओडिशा से प्रयागराज पहुंचाई जानी थी खेप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाने की जानकारी दी है। हालांकि, पुलिस अब गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों और उत्तरप्रदेश में इसकी डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस ने मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ तपकरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा बरामद

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

 ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई जारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

इस कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, एएसआई संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here