प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को किया रवाना
एमसीबी : महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दान सामग्री के संग्रहण एवं वितरण के लिए वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान का उद्देश्य समाज के सक्षम नागरिकों को सेवा और सहयोग से जोड़ते हुए जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना तथा जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों में उपयोग योग्य अतिरिक्त खिलौने, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री जरूरतमंदों के लिए दान करें।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा और संवेदना की भावना से किया गया छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से यह अभियान और अधिक प्रभावी बन सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से आगे आकर इस मानवीय पहल से जुड़ने और जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।
“हर बच्चे की मुस्कान, हर परिवार का सम्मान-सेवा का संकल्प” के संदेश के साथ जिला प्रशासन द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक सहयोग पहुंचाकर उन्हें सम्मान, अपनत्व और खुशियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




