Home छत्तीसगढ़ कहीं रिकॉर्ड बारिश तो कहीं कमी, छत्तीसगढ़ के मानसून की पूरी रिपोर्ट...

कहीं रिकॉर्ड बारिश तो कहीं कमी, छत्तीसगढ़ के मानसून की पूरी रिपोर्ट आई सामने

0

रायपुर : इस मानसून सीजन में पूरे छत्तीसगढ़ में सामान्य से बेहतर वर्षा दर्ज की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 3 अक्टूबर तक के अद्यतन आंकड़ों की माने तो 1 जून से शुरू हुए इस वर्षा सत्र में अब तक राज्य का औसत वर्षा प्रतिशत पिछले 10 वर्षों के औसत के मुकाबले 102.1 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।

राज्य में अब तक औसतन 1155.3 मिमी बारिश

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक औसतन 1155.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले एक दशक के आधार पर इस अवधि का सामान्य औसत 1131.1 मिलीमीटर रहा है।

वर्षा प्रतिशत के मामले में बलरामपुर शीर्ष स्थान पर

​प्रदेश भर में बारिश का वितरण काफी विविध देखने को मिल रहा है। एक ओर बलरामपुर जिले ने 165.3 प्रतिशत की औसत दर और 1556.6 मिलीमीटर बारिश के साथ वर्षा प्रतिशत के मामले में पूरे राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है, वहीं कुल वर्षा के परिमाण में नारायणपुर जिला 1720.2 मिलीमीटर के साथ सबसे आगे है।

सबसे निचले पायदान पर ये जिला

दूसरी ओर, राज्य के मैदानी और कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में अपेक्षित बारिश नहीं हो पाई है, जिनमें बेमेतरा जिला महज 674.9 मिलीमीटर बारिश और 80.4 प्रतिशत वर्षा दर्ज करके सूची में सबसे निचले पायदान पर है।

कई जिलों में जमकर बरसे बादल

भौगोलिक आधार पर राज्य के विभिन्न इलाकों का हाल देखा जाए तो उत्तर छत्तीसगढ़ और मैदानी इलाकों के कई जिलों में बादलों ने जमकर पानी बरसाया है। राजधानी रायपुर में सामान्य से काफी अधिक 1307.4 मिलीमीटर बारिश (135.4%) दर्ज की गई है।

इसी तरह गरियाबंद में 1463.7 मिमी (130.7%), सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1181.4 मिमी (131.4%), मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1216.9 मिमी (122.7%), और बालोद में 1311.8 मिमी (121.6%) वर्षा के साथ औसत का आंकड़ा काफी ऊपर रहा है।

100 से 120 फीसदी के बीच रहा बारिश प्रतिशत

इसके अलावा सूरजपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, मुंगेली, दुर्ग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव और दंतेवाड़ा जिलों में भी मानसून का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, जहां बारिश का प्रतिशत 100 से 120 फीसदी के बीच दर्ज किया गया है।

इन जिलों में हुई सामान्य औसत से कम वर्षा

प्रदेश के कुछ हिस्सों को मानसून के इस सीजन में थोड़ी निराशा हाथ लगी है। बस्तर संभाग और सरगुजा अंचल के कुछ जिलों में सामान्य औसत से काफी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इनमें कांकेर 1222.5 मिमी बारिश (74.3%), सरगुजा 627.3 मिमी (74.9%), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 1006.8 मिमी (77.0%), बीजापुर 1516.6 मिमी (79.1%), जशपुर 871.9 मिमी (79.3%) और सुकमा 1226.3 मिमी (80.2%) शामिल हैं, जहां का प्रतिशत राज्य के सामान्य औसत से काफी नीचे बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here