Home छत्तीसगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ली विभागीय समीक्षा बैठक

जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ली विभागीय समीक्षा बैठक

0

शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि संबंधी कार्यों सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को ज्यादा से ज्यादा कराए लाभान्वित -प्रभारी मंत्री गुरू खुशवंत साहेब

सक्ती :  कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आज विभागीय समीक्षा बैठक लेते हुए जिले मे संचालित सेवा संकल्प अभियान के कार्यो की भी विस्तृत समीक्षा की। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सक्ती जिले में आज देर रात तक मैराथन बैठक लेकर विभागीय काम काज की गहन समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा शेष आयोजनों को प्राथमिकता के साथ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गरिमामय रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और सेवा भावना का व्यापक माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तथा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए है। बैठक में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, अभिषेक शर्मा सहित संबंधित जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने जिले में कार्यरत सभी विभागो के अधिकारियो की समीक्षा बैठक लेते हुए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओ का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन करते हुवे आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को जिला अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण, शिलान्यास, विभिन्न कार्यक्रमों तथा शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित करने और हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण करने के दौरान सांसद सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने शिक्षा विभाग, कृषि विभाग और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को सुविधा हो। प्रभारी मंत्री द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के तहत अब तक हुए कार्यों के अद्यतन स्थिति की बारी बारी से विस्तारपूर्वक जानकारी ली गई। प्रभारी मंत्री ने लोगों को शासन की जनहितकारी योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने, जमीनी स्तर पर आमजन को योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर जागरूक करने के निर्देश दिए है।

प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों की जनपदवार जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत बैंक लिंकेज की प्रगति, सीआईएफ, आरएफ लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति की स्थिति, लखपति दीदी चिन्हांकन प्रगति की स्थिति, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्य, सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य की स्थिति, फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट सहित अन्य विभिन्न कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। प्रभारी मंत्री द्वारा आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत संचालित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति छात्रावास की संख्यात्मक जानकारी, छात्रावास में स्वीकृत सीटों की संख्या तथा कुल प्रवेशित सीटों की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में निवासरत बच्चों को उचित आहार और समय पर पुस्तके प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को जिले में संचालित छात्रावास और आश्रमों का नियमित निरीक्षण करने और आदिवासी समुदाय के विकास के लिए संचालित योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में प्रभारी मंत्री द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पूरक पोषण आहार सहित अन्य विभिन्न योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी ली गई। उन्होंने जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण ट्रैकर का उपयोग कराने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री द्वारा शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक योजना, मध्यान्ह भोजन योजना, नि:शुल्क गणवेश वितरण, सरस्वती साइकिल योजना सहित अन्य कार्यों की विस्तार पूर्वक जानकारी ली गई। उन्होंने जिले के स्कूलों में नियमित पेरेंट्स टीचर मीटिंग कराने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधान का पालन कराए जाने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री द्वारा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली गई तथा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत हुए कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने तथा आमजन को समय पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के कार्यों को पूरी गंभीरता से कराने के निर्देश कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए है। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री द्वारा पुलिस विभाग, सहकारिता विभाग, सिचाई विभाग, पशुधन विकास विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, उद्यानिकी विभाग, रेशम विभाग, श्रम विभाग, आबकारी विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य सभी विभाग अंतर्गत चल रहे विभिन्न जनहितकारी योजनाओं व कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here