Home छत्तीसगढ़ जमीन के लिए खूनी हुआ रिश्ता, बेटे ने टंगिया से पिता के...

जमीन के लिए खूनी हुआ रिश्ता, बेटे ने टंगिया से पिता के सिर पर किया वार; पुलिस हिरासत में आरोपी

0

अंबिकापुर :  सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। इमलीपारा में एक युवक पर अपने पिता के सिर पर टंगिया से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जमीन बेचने की बात को लेकर था विवाद

मामला भालूकछार ग्राम पंचायत के इमलीपारा का है। मृतक की पहचान रमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमाशंकर ने कर्ज चुकाने के लिए करीब 7 से 8 लाख रुपये में जमीन बेची थी। जमीन बेचने की बात को लेकर उनका बेटा मुकेश सिंह (32) नाराज था।

खाना खाते समय शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त रमाशंकर अपनी पत्नी के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान जमीन बेचने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मुकेश ने टंगिया से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में रमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी बेटा पुलिस हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी मुकेश सिंह को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल की जांच के साथ पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम और विवाद की वजहों को खंगाल रही है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here