एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल: विद्यालय के प्राचार्य एस. के. श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल में विद्यार्थियों के प्रोत्साहन एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय पायलट स्मित मच्छार के जीवन, समर्पण और उनकी उपलब्धियों पर आधारित एक आकर्षक पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) दिखाया गया। यह प्रेरणादायक पीपीटी शिक्षक चन्द्रशेखर वर्मा द्वारा तैयार किया गया था।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि विपरीत परिस्थितियों का सामना धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ कैसे किया जाता है।
पायलट स्मित मच्छार के जीवन संघर्षों और चुनौतियों से निपटने के तरीकों से बच्चे काफी प्रेरित हुए।प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि इरादे मजबूत हों तो हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन अजय कुमार झा द्वारा किया गया, वहीं अंत में आभार प्रदर्शन श्रीमती धरती वर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थिति रहे।





