जनपद अध्यक्ष महेश गोटा ने अपनी निधि से पांच लाख रुपये की दी स्वीकृति
संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी :सिहावा स्थित प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र शीतला शक्ति पीठ में श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंदिर परिसर में किचन शेड निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा के करकमलों से किचन शेड निर्माण का भूमिपूजन संपन्न हुआ। उन्होंने अपनी निधि से किचन शेड निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि महेश गोटा ने कहा कि शीतला शक्ति पीठ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक आयोजनों, भंडारा एवं प्रसाद वितरण के दौरान भोजन तैयार करने के लिए व्यवस्थित स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। किचन शेड के निर्माण से मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी और श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार समाज और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है।
शीतला शक्ति पीठ के अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने कहा कि मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन होते रहते हैं। विशेष रूप से शारदीय एवं चैत्र नवरात्रि, पंचमी महोत्सव, धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन, भंडारा एवं प्रसाद वितरण जैसे आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं अवसरों पर भोजन और प्रसाद तैयार करने के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित स्थान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
किचन शेड बनने के बाद भोजन एवं प्रसाद तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित होगी। निर्माण समिति अध्यक्ष सचिन भन्साली ने कहा कि मंदिर समिति द्वारा समय-समय पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। किचन शेड का निर्माण भी इसी क्रम की महत्वपूर्ण कड़ी है। इससे भविष्य में होने वाले धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने जनपद अध्यक्ष महेश गोटा द्वारा अपनी निधि से किचन शेड निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की स्वीकृति पर उनका आभार व्यक्त किया।
समिति के सांस्कृतिक प्रभारी तुकाराम साहू ने कहा कि इस निर्माण से मंदिर की व्यवस्थाओं में एक और महत्वपूर्ण सुविधा जुड़ जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होगा, जिससे आगामी धार्मिक आयोजनों में इसका लाभ श्रद्धालुओं को मिल सकेगा।इस अवसर पर समिति के संरक्षक नेम सिंह बिशेन एवं मंशा गौर, उपाध्यक्ष बलदेव निषाद एवं रामलाल नेताम, सचिव नारद निषाद, सहसचिव बुधेश्वर साहू एवं लालेस्वर साहू, कोषाध्यक्ष गेंदलाल यादव ,सलाहकार गगन नाहटा एवं भरत निर्मलकर, पुजारी ज्ञान सागर पटेल एवं परमेश्वर नेताम , संजय सारथी, पूरन बिसेन, नवल साहू, जसपाल कुंजाम, महेश साहू आदि की उपस्थिति रही।




