रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। 3 से 6 अक्टूबर तक चले प्रवास के बाद रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत की और दौरे के दौरान हुई बैठकों तथा निवेश प्रस्तावों की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में उन्होंने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा। उनके मुताबिक, दौरे के दौरान प्रदेश में निवेश के लिए कुल ₹43,600 करोड़ के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
सीएम साय ने कहा कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया गया। सरकार को उम्मीद है कि ये निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने के बाद प्रदेश में रोजगार के अवसरों के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।
एनर्जी सेक्टर में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सिंगापुर दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से करीब ₹41,750 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह पूरे दौरे के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों में सबसे बड़ा है।
इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल ने करीब ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर सेक्टर में लगभग ₹1,500 करोड़ निवेश का प्रस्ताव सामने आया है।
कंपनी की ओर से बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम किए जाने की बात कही गई है।
IT एजुकेशन सर्विस के साथ MOU
दौरे के दौरान IT एजुकेशन सर्विस के साथ समझौता ज्ञापन (MOU) भी किया गया। मुख्यमंत्री साय ने संस्था के IT परिसर का भ्रमण किया और वहां संचालित कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कौशल विकास मॉडल से प्रदेश के युवाओं को नई तकनीकों और रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिल सकती है।
बोले CM साय- MOU को धरातल पर उतारेंगे
निवेश प्रस्तावों और MOU को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार किसी भी समझौते को करने से पहले उसकी पूरी जांच-परख कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि सरकार इन समझौतों और प्रस्तावों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, निवेश आने से प्रदेश में रोजगार के अवसर और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सेवा ज्योति कार्यक्रम पर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री साय ने सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर को लेकर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सेवा ज्योति भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे और कार्यक्रम को सभी जिला मुख्यालयों में सुना जाएगा।
सीएम साय ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत सेवा के क्षेत्र में जलाई गई ज्योति को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।




