विशाल मानव चक्र में गूंजा ‘भारत माता की जय’, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मौजूदगी में लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। सेवा, राष्ट्रभक्ति और रचनात्मकता का अद्भुत संगम बुधवार को मनेन्द्रगढ़ में देखने को मिला। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में 76×76 फीट की विशाल ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला’ ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रंगों से सजी इस विराट कलाकृति में भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत की परिकल्पना को बेहद आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह, पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, चंपा देवी पावले और जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
76 फीट के विशाल कैनवास पर योजनाओं की कहानी
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. श्राबनी चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में महाविद्यालयीन स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने लगातार मेहनत कर इस विशाल रंगोली को आकार दिया। रंगों के आकर्षक संयोजन के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास और राष्ट्र निर्माण के संदेश को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।
विशाल रंगोली को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और गणमान्यजन पहुंचे। आयोजन ने जहां विद्यार्थियों की कला एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच दिया, वहीं सरकारी योजनाओं और उनके जनकल्याणकारी उद्देश्य को आमजन तक पहुंचाने का भी काम किया।
रंगोली के चारों ओर बना विशाल मानव चक्र
आयोजन का सबसे यादगार दृश्य तब सामने आया, जब अतिथियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने विशाल रंगोली के चारों ओर मानव चक्र बनाया। एक साथ खड़े होकर सभी ने ‘विकसित भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
संकल्प के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। मानव चक्र ने एकता, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का जीवंत संदेश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने की विद्यार्थियों की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए सेवा भाव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से संभव होगा।
उन्होंने विशाल रंगोली की सराहना करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
तीन चरणों में हुआ ‘रंगोली राष्ट्र’ का आयोजन
एमसीबी जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडला’ का आयोजन तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में रंगोली राष्ट्र तैयार की गई। द्वितीय चरण में विकासखंड स्तर पर 17×17 फीट की रंगोली बनाई गई।
इसके बाद तृतीय चरण में जिला स्तरीय आयोजन मनेन्द्रगढ़ के विवेकानंद महाविद्यालय में हुआ, जहां 76×76 फीट की विशाल रंगोली के माध्यम से कला, विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत की अवधारणा को एक मंच पर साकार किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राणा, समिति के सदस्य, पार्षदगण, जिला प्रशासन के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, पत्रकार, महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मनेन्द्रगढ़ का यह आयोजन सिर्फ एक रंगोली नहीं, बल्कि रंगों के माध्यम से ‘सेवा, संकल्प और विकसित भारत’ का संदेश देने वाली विशाल जनभागीदारी का प्रतीक बन गया।




