Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ समाज...

सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : सांसद कमलेश जांगड़े

0

आजीविका ऋण मेले में 908 प्रकरणों में 19.43 करोड़ रुपये प्रेषित, 257 प्रकरणों में 16.36 करोड़ रुपये स्वीकृत और 201 प्रकरणों में 10.99 करोड़ रुपये वितरित

सक्ती : सक्ती सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतुअभियानकृसरकार आपके द्वार के तहत आज विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू, जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, नगर पंचायत बम्हनीडीह अध्यक्ष श्री रमेश डडसेना, जनपद पंचायत बम्हनीडीह अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान, उपाध्यक्ष श्रीमती उत्तरा सिदार, जनपद सदस्य राकेश केंवट, आशीष तिवारी, भूपेश तिवारी, भुवन भास्कर यादव, धनु डडसेना, पुरुषोत्तम सूर्यवंशी, सरपंच श्रीमती रामेश्वरी जायसवाल, श्री बालाजी सिंह सिसोदिया, विशाल सिंह सिसोदिया, अमिता लहरे, चेतन दास महंत, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

शिविर में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण भी सुनिश्चित किया जाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से शिविर को आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनाने को कहा। उन्होंने राजस्व संबंधी शिकायतों के निराकरण और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने कहा। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले के माध्यम से स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण हितग्राहियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण संबंधी प्रकरणों का निराकरण किया गया। मेले में 908 प्रकरणों में कुल 19.43 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित, 257 प्रकरणों में 16.36 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत तथा 201 प्रकरणों में 10.99 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई। इस दौरान बिहान योजना अंतर्गत स्व-सहायता समूहों, मुद्रा ऋण, महिला उद्यमी ऋण एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम सहित विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्रवाई की गई।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान, मोटराईज्ड ट्रायसाइकल, पात्र हितग्राहियों को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा एवं ऋण पुस्तिका, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को चाबी, नैनो यूरिया, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना कार्ड, रोजगार कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को पोषण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही शिविर में स्वच्छता शपथ दिलाकर स्वच्छ गांव एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here