Home छत्तीसगढ़ बेमेतरा में त्योहारों से पहले पुलिस की तैयारी तेज, DJ से लेकर...

बेमेतरा में त्योहारों से पहले पुलिस की तैयारी तेज, DJ से लेकर पार्किंग तक के लिए जारी निर्देश

0

बेमेतरा :  पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके के मार्गदर्शन में बेमेतरा जिले के थाना/चौकी प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ द्वारा नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना/चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

बैठक में दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव कायम रखने तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर सतत निगरानी रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दुर्गा उत्सव समितियों को निर्देशित किया गया कि समिति के सभी सदस्यों एवं वालंटियर्स का थाना स्तर पर चरित्र सत्यापन कराया जाए तथा आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों को समिति में शामिल करने से बचें। समिति के सभी सदस्यों के नाम, पते एवं मोबाइल नंबर की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी सदस्यों एवं वालंटियर्स के लिए पहचान पत्र एवं बैज धारण करना अनिवार्य किया गया।

सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक दुर्गा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाकर पर्याप्त अवधि तक रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, पंडाल एवं पार्किंग स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पुलिस थाना एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने वाले फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए गए। पंडाल में विद्युत विभाग से अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने एवं अच्छी गुणवत्ता की वायरिंग कराने की समझाइश दी गई, जिससे शॉर्ट सर्किट जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

समिति के सदस्यों को निर्देशित किया कि मूर्ति स्थापना एवं पंडाल निर्माण के दौरान सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध न किया जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए वालंटियर्स की तैनाती की जाए तथा विशेष रूप से शाम की आरती एवं भीड़भाड़ के समय लोगों की आवाजाही व्यवस्थित रखी जाए।

पंडाल में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, जुआ, अवैध शराब, नशीले पदार्थों अथवा साम्प्रदायिक उपद्रव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयोजन के दौरान किसी भी सदस्य द्वारा नशे का सेवन नहीं करने तथा किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र नहीं रखने की हिदायत दी गई।

ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे संचालन के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा शासन-प्रशासन द्वारा जारी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया। निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा का ध्यान रखने तथा किसी भी धर्म या समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले अशोभनीय गानों, नृत्य एवं कार्यक्रमों से बचने की समझाइश दी गई।

बेमेतरा पुलिस ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों से अपील की कि वे आपसी सहयोग, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ नवरात्रि एवं दशहरा पर्व मनाएं। पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में बेमेतरा पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

बेमेतरा पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी नागरिकों से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here