Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ के डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने लगाया...

छत्तीसगढ़ के डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने लगाया 2-3 करोड़ रुपये और लग्जरी कार मांगने का आरोप

0

रायपुर:छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने पति और ससुराल पक्ष के सदस्यों पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद के साथ लग्जरी कार की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के दूसरे दिन से ताने देने का आरोप

शिकायत के अनुसार, आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे का विवाह जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे के साथ हुआ था। मनोज बंजारे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

पूजा का आरोप है कि विवाह के दौरान उनके परिवार की ओर से घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए गए थे। इसके बावजूद शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर उन्हें ताने दिए जाने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार पैसों और महंगी कार की मांग की जाने लगी।

मायके की जमीन बेचकर रकम लाने का दबाव बनाने का आरोप

पीड़िता की शिकायत में पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे पर लग्जरी कार के साथ 2 से 3 करोड़ रुपये नकद मांगने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के मुताबिक, 4 जनवरी 2025 को पति ने कथित तौर पर पूजा पर मायके की जमीन बेचकर 2 से 3 करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया। आरोप है कि मांग पूरी करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी प्रताड़ना का आरोप

पूजा बंजारे ने आरोप लगाया है कि गर्भावस्था के दौरान और बच्चे के जन्म के बाद भी उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। शिकायत के अनुसार, बच्चे के जन्म के बाद पति उन्हें मायके में छोड़कर चले गए।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 2 सितंबर 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने ग्राम भानसोज स्थित उनके मायके में उनके साथ मारपीट की। इन घटनाओं को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

काउंसलिंग के बाद भी नहीं बनी सहमति, पुलिस ने दर्ज किया केस

मामला महिला थाने पहुंचने के बाद परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग कराई गई। हालांकि, समझौते की कोशिशें सफल नहीं हो सकीं। इसके बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना से संबंधित मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटनाओं और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here