Home छत्तीसगढ़ भक्ति और श्रद्धा के साथ माता रानी का भव्य स्वागत, नगरी में...

भक्ति और श्रद्धा के साथ माता रानी का भव्य स्वागत, नगरी में जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय अभिनंदन

0

 

संवाददाता राजूनाथ जोगी नगरी: नगर में शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। नव आनंद कला मंदिर नगरी द्वारा आयोजित नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत राजा बड़ा में विराजित होने वाली माता रानी की भव्य शोभायात्रा रावण भाटा से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा का नगर पंचायत नगरी के सामने जनप्रतिनिधियों ने पुष्प, गजमाला एवं नारियल भेंट कर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सभापति चेलिश्वरी साहू, अश्विनी निषाद, शंकर देव, पार्षद मिक्की गुप्ता, नरेश पटेल, जयंती टुकेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, हरीश साहू, एल्डरमैन गौरव तिवारी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाहटा पूर्व पार्षद पूनम छाबड़ा एवं कमल डागा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने माता रानी का स्वागत कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कौमी एकता और सामाजिक सद्भाव की मिसाल है नगरी का नवरात्रि महोत्सव

नगरी का नवरात्रि महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और कौमी एकता का भी प्रतीक है। नव आनंद कला मंदिर द्वारा कई वर्षों से एक ही स्थान पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस आयोजन में नगर के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर सहभागी बनते हैं, जो नगरी की आपसी एकता और भाईचारे को दर्शाता है।

 गाजे-बाजे और भव्य झांकियों से भक्तिमय हुआ नगर

रावण भाटा से निकली माता रानी की शोभायात्रा में गाजे-बाजे, डीजे, आकर्षक झांकियों और कलश यात्रा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगरवासी पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। माता रानी के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ माता रानी का स्वागत किया और उन्हें निर्धारित स्थापना स्थल राजा बड़ा तक ले जाने के लिए शोभायात्रा में सहभागिता निभाई।

नवरात्रि महोत्सव के इस आयोजन ने एक बार फिर नगरी की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। पूरे नगर में मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here