Home छत्तीसगढ़ एनएमडीसी बस्तर की 50 जनजातीय बेटियों को नर्सिंग शिक्षा के लिए करेगा...

एनएमडीसी बस्तर की 50 जनजातीय बेटियों को नर्सिंग शिक्षा के लिए करेगा सशक्त

0

प्रत्येक छात्रा की शिक्षा पर ₹12 लाख से अधिक व्यय; शिक्षा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक खर्चों का पूरा भार उठाएगा एनएमडीसी

एस एच अज़हर दंतेवाड़ा बचेली : जनजातीय बेटियों के सपनों को उज्ज्वल भविष्य के अवसरों में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, एनएमडीसी लिमिटेड की बचेली परियोजना बस्तर क्षेत्र की चयनित 50 छात्राओं को आंध्र प्रदेश के चित्तूर स्थित अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बैचलर ऑफ साइंस (बी.एससी.) नर्सिंग पाठ्यक्रम की शिक्षा प्राप्त करने के लिए व्यापक सहायता प्रदान कर रही है। एनएमडीसी की महत्वाकांक्षी ‘बालिका शिक्षा योजना’ के अंतर्गत कंपनी प्रत्येक छात्रा पर ₹12 लाख से अधिक व्यय करेगी तथा उनकी शिक्षा एवं उससे संबंधित सभी आवश्यक खर्चों का वहन करेगी।

सभी 50 छात्राओं पर ₹6 करोड़ से अधिक का कुल व्यय करने वाली यह पहल, आर्थिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना, प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद जनजातीय बालिकाओं को व्यावसायिक उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रति एनएमडीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नर्सिंग शिक्षा, आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च उठाकर एनएमडीसी यह सुनिश्चित कर रहा है कि इन युवतियों को अपनी शैक्षणिक आकांक्षाओं को पूरा करने में आर्थिक बाधाओं का सामना न करना पड़े।

चयनित छात्राओं के व्यावसायिक नर्सिंग करियर की दिशा में नई यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर 12 अक्टूबर, 2026 को बचेली स्थित मंगल भवन में अधिष्ठापन कार्यक्रम एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स के परियोजना प्रमुख श्री श्रीधर कोडाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नागवेणी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन); जोसी थॉमस, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन – सीएसआर); एस. आर. डेहरिया उप महाप्रबंधक (सिविल), एनएमडीसी अपोलो अस्पताल, बचेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारी, विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, सीएसआर विभाग के कार्मिक तथा चयनित छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here