सक्ती : कलेक्टर जयश्री जैन ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवेदनों एवं शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंडों में लगाए गए सेवा सेतु शिविरों में आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर तेजी से निराकरण करने को कहा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति अपडेट करना अनिवार्य
बैठक में कलेक्टर ने पारस पोर्टल के माध्यम से विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी इसी पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अपनी प्रगति की जानकारी समय पर पोर्टल पर अपडेट करें। अधिकारियों को दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को कार्ययोजना बनाकर काम करने और निर्धारित लक्ष्यों को तय समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश
किसानों से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का शेष काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जियो-रेफरेंसिंग सर्वेयर क्षेत्र में जाकर सर्वे कर रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को शेष किसानों के साथ समन्वय स्थापित करने और सर्वे का काम निर्बाध रूप से पूरा कराने को कहा गया।
कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे सही तरीके से और समय पर पूरा होने से किसानों को भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। इसलिए संबंधित अधिकारी इस कार्य को गंभीरता से लें, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
पीएम सूर्यघर और जल जीवन मिशन की भी समीक्षा
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का जमीनी स्तर पर प्रचार-प्रसार करने और आवेदन सहित आवश्यक प्रक्रियाओं में आम नागरिकों को सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले में योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एचपीवी वैक्सीनेशन, निक्षय पोषण योजना और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
जाति प्रमाण पत्र बनाने में तेजी लाने को कहा
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूलों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय कामकाज में ई-ऑफिस प्रणाली का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरण, आयुष्मान योजना और पीएम आवास योजना शहरी सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
राजस्व प्रकरणों और जनशिकायतों के निराकरण पर जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार और आधार प्रविष्टि से जुड़े प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जनदर्शन और जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों तथा विभागवार लंबित समय-सीमा के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




