उमरिया : जिला अस्पताल उमरिया में बिजली के पैनल में अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विद्युत पैनल से उठे धुएं के वार्डों तक पहुंचते ही मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। स्थिति को भांपते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कवायद शुरू की। इस दौरान वार्ड बॉय अमित मिश्रा और महेंद्र मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए मरीजों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।
उमरिया कलेक्टर राखी सहाय ने जिला अस्पताल घटना स्थल का मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया जांच के आदेश दिए ऑक्सीजन लगी मरीज की रात 4 बजे मौत हो गई जबकि एक साल का बच्चा जिसके पेट में तकलीफ हो रही थी उसकी हालत गंभीर बनी रात अंधेरे में अनेक बार ऑक्सीजन पॉइंट हट रहा था जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है
जिला अस्पताल के कवर्ड इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते वहां धुआं फैलने लगा, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच घबराहट की स्थिति पैदा हो गई। आग और धुएं को देखते हुए मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वार्डों से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
इसी दौरान इमरजेंसी अलार्म बजने पर आरएमओ डॉ. संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। कर्मचारियों की तत्परता और समय पर किए गए प्रयासों से आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
आरएमओ डॉ. संदीप सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य जरूरी उपाय किए गए। घटना के दौरान धुआं फैलने के कारण मरीजों को एहतियातन बाहर निकाला गया।




