Home छत्तीसगढ़ कुरुद में विकास कार्यों की सौगात, विधायक रोहित साहू ने की सीसी...

कुरुद में विकास कार्यों की सौगात, विधायक रोहित साहू ने की सीसी रोड, हाईमास्ट लाइट और भवन निर्माण की घोषणा

0

 

प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन और सूर्य घर योजना का किया उल्लेख; बोले विधायक-जनता तक पहुंच रहा सरकार की योजनाओं का लाभ

राधेश्याम सोनवानी, गरियाबंद,/ कोपरा :- ग्राम पंचायत कुरुद में शुक्रवार को शीतला मंदिर चौक पर लाखों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं जीर्णोद्धार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा एवं शीतला माता की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों को श्रीफल और गमछा भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विकास, शिक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं पर चर्चा हुई।

विकास और गरीबों के कल्याण पर सरकार का जोर : रोहित साहू

मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। सरकार आने वाली पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को सौर ऊर्जा का लाभ मिल सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करें।

बिजली के मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना

विधायक ने बिजली बिल के मुद्दे पर कांग्रेस पर राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ऊर्जा के क्षेत्र में नए विकल्पों को बढ़ावा दे रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराना और गांवों को मजबूत बनाना है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में पानी की टंकी, सीसी रोड सहित विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

मांगों पर की कई घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांगों पर विधायक रोहित साहू ने विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें सीसी रोड निर्माण, शीतला मंदिर से गायत्री मंदिर होते हुए बजरंग पाठ स्थल तक सड़क निर्माण की मांग पर आगामी समय में कार्य कराने का आश्वासन शामिल रहा। इसके साथ ही गांव में तीन हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए तीन लाख रुपये, सर्व समाज भवन और सांस्कृतिक मंच भवन निर्माण की घोषणा की गई। सेवा समितियों के लिए पांच-पांच हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की गई। इन घोषणाओं से ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर उम्मीद जगी है।

नवरात्रि में शक्ति, सेवा और संस्कार का संदेश

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत गरियाबंद की वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने नवरात्रि पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवरात्रि मां दुर्गा की आराधना, शक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। यह पर्व हमें समाज में एकता, सेवा और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ग्रामीणों से धार्मिक परंपराओं के साथ शिक्षा, सामाजिक विकास और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष नीरा ठाकुर ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास तभी सार्थक होगा, जब शिक्षा को प्राथमिकता मिलेगी और शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और विकास कार्यों में सहभागिता बढ़ाने की अपील की।

ये जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुरा के उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सभापति युवराज साहू, ग्राम पंचायत कुरुद सरपंच इंद्रा बाई कंवर, ग्राम पंचायत अतरमरा की सरपंच केजा सोम, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष टीकम साहू, जवाहर साहू, प्रेम साहू, गैंद साहू, चेतन साहू, भोजराम साहू, टोमन साहू, लुमेश कंवर, ओमप्रकाश साहू, नंदकुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, उपसरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन गैंदराम साहू ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here