स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विजेताओं को मोमेंटो और प्रतीकात्मक चेक देकर किया सम्मानित, तीन दिवसीय आयोजन में महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने बिखेरी छटा
मनेंद्रगढ़, एमसीबी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़ के हाईस्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय एमसीबी ग्रैंड गरबा प्रतियोगिता का उत्साह, उमंग और भक्तिमय माहौल के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, वहीं पारंपरिक गरबा की धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति और परंपरा की मनमोहक झलक पेश की। बच्चों की भागीदारी ने भी आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा। गरबा की लय, संगीत की गूंज और तालियों की थाप से पूरा हाईस्कूल मैदान उत्सवमय नजर आया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सबसे पहले मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद आयोजन समिति की ओर से मंत्री सहित उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को अपने हाथों से मोमेंटो और प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने मनेंद्रगढ़ में नवरात्रि के उल्लास को और भी खास बना दिया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता के संग एमसीबी ग्रैंड गरबा प्रतियोगिता का समापन यादगार माहौल में हुआ।





