संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : सिविल अस्पताल नगरी में शनिवार, 17 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से एक दिवसीय वृहद कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में एमएमआई नारायणा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, रायपुर के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राहुल एवं डॉ. आकांक्षा सहित उनकी तकनीकी टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर के दौरान सिविल अस्पताल नगरी के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार नेताम ने महिला मरीजों की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास परामर्श हेतु भेजा।
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) हितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मैदानी स्तर (फील्ड) से चिन्हित कुल 26 संदिग्ध मरीजों की सघन जांच की गई। परीक्षण के दौरान 17 नए मरीजों में कैंसर के प्रारंभिक लक्षण पाए गए, जिन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इनमें से 4 गंभीर मरीजों को बेहतर व उच्च स्तरीय उपचार के लिए उच्च संस्थान (हायर सेंटर) रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त पूर्व से चिन्हित 9 पुराने मरीज भी फॉलोअप जांच के लिए पहुंचे, जिनकी स्थिति की समीक्षा कर विशेषज्ञों द्वारा उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर को सफल बनाने में एमएमआई नारायणा अस्पताल रायपुर के मेडिकल स्टाफ के साथ-साथ स्थानीय एएनएम श्रीमती कमलेश्वरी एवं चित्ररेखा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन, नगर पंचायत नगरी एवं मीडिया प्रतिनिधियों की सक्रिय व सराहनीय भागीदारी रही।




