Home छत्तीसगढ़ कुछ लोग हमारी संस्कृति को खत्म करने की साजिश कर रहे हैं,...

कुछ लोग हमारी संस्कृति को खत्म करने की साजिश कर रहे हैं, किंतु मैं ऐसा होने नहीं दूँगा: क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित शस्त्र पूजा कार्यक्रम में बोले मंत्री

0

लगभग 10 लाख रुपये से स्थापित होगी महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा, स्थल निरीक्षण कर क्षत्रिय समाज को दिया आश्वासन

एमसीबी, चिरमिरी। आज क्षत्रियवो समाज द्वारा डोमन हिल स्थित क्षत्रिय भवन में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। माँ काली के छायाचित्र का पूजन करने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इस दौरान क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने भवन निर्माण के लिए मुख्य अतिथि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने आगे कहा कि चिरमिरी में बेरोजगारी बहुत है, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वहीं, समाज के मंत्री ने भवन के लिए स्वीकृत 37 लाख रुपये और स्टेज के लिए 25 लाख रुपये की राशि के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि हमारे विधायक आज प्रदेश में कैबिनेट मंत्री हैं। वे घंटों-घंटों में क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। कुछ घंटे पहले चिरमिरी में होते हैं, तो कुछ घंटे बाद रायपुर में होने की जानकारी मिलती है।

शस्त्र पूजा कार्यक्रम में पहुँचे कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आज क्षत्रिय समाज द्वारा शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर क्षत्रिय समाज से मनोनीत एल्डरमैन उपेंद्र सिंह को शॉल और श्रीफल पहनाकर सम्मानित किया गया।

श्री जायसवाल ने आगे कहा कि यह मेरा विधानसभा क्षेत्र है, लेकिन जब मैं यहाँ लोगों से मिलता हूँ, तो लगता है कि अपने परिवार के बीच में हूँ। कुछ लोग पद पाने के लिए कुछ भी करते रहते हैं और मैं कुछ करने के लिए पद पर बैठा हूँ।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हमारी संस्कृति से भी गुरेज है। क्या हम अपनी संस्कृति को भूल जाएँ? यह बात उन्होंने गरबा महोत्सव के दौरान सोशल मीडिया पर की गई टीका-टिप्पणी के संदर्भ में कही। श्री जायसवाल ने कहा कि क्या संस्कृति को सिर्फ इसलिए भूल जाएँ कि इसमें खर्च हो रहा है? शस्त्र पूजा भी समाज के लोगों को एक स्थान पर एकत्रित कर जोड़ने की परंपरा है। खर्च तो इसमें भी लगता है, तो क्या इसे बंद कर दिया जाना चाहिए? मेरा जवाब है—बिल्कुल नहीं।

उन्होंने कहा कि क्षत्रिय का धर्म छाते के रूप में लोगों को सुरक्षित करना है। क्षत्रिय भले ही कद में छोटा हो, लेकिन जब भी आवश्यकता पड़ती है, तो क्षत्रिय का विशाल रूप दिखाई देता है। इस दौरान श्री जायसवाल ने क्षत्रिय समाज के प्रेरणादायक महापुरुषों महाराणा प्रताप सिंह, महाराणा सांगा और पृथ्वीराज चौहान को याद किया।

श्री जायसवाल ने आगे कहा कि कलचुरियों ने 18-18 गढ़ों को मिलाकर छत्तीसगढ़ बनाया है। मैं आप लोगों के सम्मान के लिए 18-18 घंटे काम कर रहा हूँ, ताकि आप प्रदेश के किसी भी जिले में जाएँ, तो आपको सम्मान की नजर से देखा जाए।

उन्होंने कहा कि आप लोगों ने एक बीज लगाया, पानी डाला और उसे पेड़ बनाया है, जिसे अब पूरा छत्तीसगढ़ जानता है।

इस दौरान चिरमिरी के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अमृत जल मिशन के तहत घर-घर पानी पहुँचाने की योजना के लिए 185 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 56 करोड़ रुपये की लागत से डोमनहिल, पोड़ी, हल्दीबाड़ी, कोरिया और गोदरीपारा में पाँच विद्युत सबस्टेशन बनाए जाएँगे। इससे क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर होगी।

उन्होंने रेलवे जैसी बड़ी परियोजना, जिला अस्पताल के कायाकल्प, 150 से अधिक स्टाफ की व्यवस्था, 1,000 लोगों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम और नालंदा परिसर का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी परियोजनाएँ चिरमिरी में स्थायित्व लाने के साथ रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल बदलाव लाने वाली साबित होंगी।

उन्होंने कहा कि आज पूरे चिरमिरी में सड़कों का काम चल रहा है। पूरे क्षेत्र में 8 मीटर चौड़ी सड़कें बनाई जा रही हैं।

उन्होंने गंभीरता से कहा कि चिरमिरी को कैंसर जैसी बीमारी की तरह खड़ा किया गया है और कैंसर का इलाज दो इंजेक्शन से नहीं हो सकता। इसलिए मुझ पर भरोसा रखें। चिरमिरी में लगातार बदलाव हो रहा है, जो आपको भी दिखाई देगा।

कार्यक्रम के अंत में क्षत्रिय समाज की माँग पर महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए स्थल का निरीक्षण किया गया। मंत्री ने अगले शस्त्र पूजा कार्यक्रम तक प्रतिमा स्थापना का कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान क्षत्रिय समाज से मनोज सिंह, प्रमोद सिंह, राम लखन सिंह, बृजेश सिंह, उपेंद्र सिंह, राजू नायक, रमन सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में राजपूत समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here