अनीता गर्ग अमन पथ ब्यूरो रायगढ़ /छाल। SECL छाल उपक्षेत्र नवापारा के हृदय स्थल कॉलोनी में शारदीय नवरात्रि का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। नौ दिनों तक माता रानी के भव्य एवं आकर्षक पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
समिति द्वारा पंडाल को आकर्षक रूप से सजाया गया था। प्रतिदिन माता के नौ अलग-अलग स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। भोग में प्रतिदिन फल, मिष्ठान एवं विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। भक्तों के लिए कभी खिचड़ी तो कभी पूड़ी-सब्जी के भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसाद ग्रहण कर भक्त तृप्त हुए।
नवरात्रि के प्रथम दिवस से ही कॉलोनी में विशेष चहल-पहल और रौनक देखने को मिली। महिलाओं और बच्चों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह था। समिति द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के लिए प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें गरबा नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही।
नवमी के पावन अवसर पर माता के दरबार में हवन-पूजन कर पूर्णाहुति दी गई। इसके पश्चात नव कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया।
रात्रि में समिति द्वारा भव्य माता जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें गौरव जोशी एवं उनके ग्रुप द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई। मधुर भजनों के साथ विभिन्न झांकियों श्री राधा कृष्ण के महारास , शिव तांडव और मां काली के रक्तबीज संहार का दृश्य एवं नृत्यों ने उपस्थित भक्तों को भक्तिमय कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।




