हिंदू धर्म में दीवाली के महापर्व की शुरुआत धनतेरस यानी धन त्रयोदशी के पावन पर्व के साथ होती है. कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि, धन के देवता कुबेर और माता लक्ष्मी की पूजा के साथ-साथ यमराज के दीपदान से जुड़ा है, जो अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. इस साल तिथियों के मेल के कारण लोगों के मन में यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि धनतेरस का पर्व 6 नवंबर को मनाया जाएगा या 7 नवंबर को. आइए पंचांग के अनुसार, साल 2026 की सही तिथि और खरीदारी से जुड़े जरूरी समय के बारे में जानते हैं.
धनतेरस 2026 कब है, 6 या 7 नवंबर:-साल 2026 में धनतेरस का पर्व शुक्रवार, 6 नवंबर को मनाया जाएगा. इस दिन त्रयोदशी तिथि सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी और अगले दिन यानी 7 नवंबर को सुबह 10 बजकर 47 मिनट पर समाप्त होगी. धनतेरस पर शाम के समय भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है. इसी वजह से पंचांग के अनुसार 6 नवंबर को धनतेरस मनाना सही रहेगा.
धनतेरस 2026 पूजा और खरीदारी शुभ मुहूर्त:- धनतेरस पर प्रदोष काल में पूजा करना विशेष महत्व रखता है. पंचांग के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को पूजा का शुभ समय शाम 6 बजकर 2 मिनट से रात 7 बजकर 57 मिनट तक रहेगा. वहीं प्रदोष काल शाम 5:33 बजे से रात 8:09 बजे तक रहेगा. और वृषभ काल शाम 6:02 बजे से रात 7:57 बजे तक है.
धनतेरस पर क्यों किया जाता है यम दीपदान:- धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा के साथ यमराज के लिए दीपदान करने की परंपरा भी है. इसे यम दीपम कहा जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन यमराज के नाम से दीप जलाने पर परिवार के सदस्यों की अकाल मृत्यु से रक्षा की कामना की जाती है. इस दिन दीपदान करते समय परिवार की सुख-शांति और सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की जाती है.
धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा का महत्व:-पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे. उन्हें आयुर्वेद और आरोग्य का देवता माना जाता है. इसलिए धनतेरस को धन्वंतरि जयंती के रूप में भी मनाया जाता है. इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा करके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की जाती है. माता लक्ष्मी और कुबेर देव की आराधना को धन, वैभव और सुख-समृद्धि से जोड़ा जाता है. इसी वजह से यह त्योहार स्वास्थ्य और आर्थिक खुशहाली, दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है.




