अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा लाखों रुपए खर्च कर दल्ली चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क के बीच डिवाइडर और आकर्षक लाइट पोल लगाए गए हैं,लेकिन कुछ दुकानदारों और व्यापारियों ने इन सरकारी बिजली पोलों को ही अपना प्रचार बोर्ड बना लिया है।
बिजली पोलों पर अवैध रूप से फ्लेक्स, पोस्टर और बैनर लगाकर खुलेआम विज्ञापन किया जा रहा है।इस प्रकार से नियमों को ताक पर रखकर शहर के सौंदर्यीकरण को पलीता लगाया जा रहा है, लेकिन नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे न केवल शहर की सुंदरता खराब हो रही है बल्कि हादसों का खतरा भी बना हुआ है।
शहर के जागरूक नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि अवैध फ्लेक्स-पोस्टरों को तत्काल हटाया जाए और अवैध विज्ञापन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए।
यह छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है और शहर के सौंदर्यीकरण को खराब कर रहा हैं।नियम कहता है कि बिना नगर पालिका की अनुमति के किसी भी शासकीय पोल, डिवाइडर या सार्वजनिक संपत्ति पर विज्ञापन लगाना गैरकानूनी है और इस पर जुर्माने का प्रावधान है।इसके बावजूद नगर पालिका का राजस्व और अतिक्रमण विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे शहर की सुंदरता तो खराब हो रही है।
नागरिकों का कहना है नगर पालिका तत्काल सभी अवैध फ्लेक्स-पोस्टर जब्त कर संबंधित दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई करे।




