संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : ग्राम बनियाडीह में नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के अवसर पर रंगमंच भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन नवरात्रि व दशहरा उत्सव समिति, बनियाडीह द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मोर संगवारी लोककला मंच, भोथली (कुरूद) के कलाकारों द्वारा कुलभूषण चंद्राकर कृत छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसे देख ग्रामीण देर रात तक झूमते रहे। लोककलाकारों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति, सामाजिक कुरीतियों और पारंपरिक मूल्यों पर आधारित मनमोहक मंचन कर खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धमतरी जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साक्षी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत मैनपुर के सरपंच सुरेंद्र कुमार नेताम ने की।
विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत नगरी के बोराई क्षेत्र से जनपद सदस्य सोनराज वट्टी, बनियाडीह सरपंच माखन लाल सलाम, लिखमा सरपंच राधाबाई नेताम, घुटकेल सरपंच कुसुमलता मरकाम, थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव, ब्लॉक नगरी सतनामी समाज अध्यक्ष विष्णु राम टंडन उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि मनोज साक्षी ने कहा कि – नवरात्रि और दशहरा जैसे पर्व केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन गांव में आपसी भाईचारा बढ़ाते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। लोककला मंचों के माध्यम से हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति जीवित रहती है। नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जुड़ना चाहिए और इन्हें सहेज कर आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कलाकारों का सम्मान किया।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष खोमेश सिंह ठाकुर, सचिव केश कुमार पांडे, कोषाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह यादव, ग्राम पटेल दिवस कुमार पटेल सहित सदस्य यशवंत चेलक, राजकुमार वर्मा, गजलाल बेर, जनक सलाम, जगतराम नाग, सुखदेव, महेंद्र सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।




