जनपद अध्यक्ष महेश गोटा की अध्यक्षता में सिविल अस्पताल नगरी में हुई समीक्षा बैठक
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया प्रगति ब्योरा
मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरने के कड़े निर्देश
संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : सिविल अस्पताल नगरी में जीवन दीप समिति (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी) की साधारण सभा की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष एवं समिति के पदेन अध्यक्ष श्री महेश गोटा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विकासखंड अंतर्गत संचालित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य अधोसंरचना और सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर सघन समीक्षा की गई।बैठक के दौरान विकासखंड के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों द्वारा पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से अपनी-अपनी उपलब्धियों, ओपीडी (OPD), आईपीडी (IPD), आपातकालीन सेवाओं, प्रसव सेवाओं तथा गैर-संचारी रोग (NCD) प्रबंधन की बिंदुवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा तथा मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
विगत निर्णयों की समीक्षा एवं वित्तीय अनुमोदन
बैठक में समिति की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की स्थिति की पड़ताल की गई। समिति के समक्ष आय-व्यय का पारदर्शी लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे समिति ने विधिवत स्वीकृति दी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों के सुचारु संचालन एवं अस्पताल परिसर में आवश्यक विकास कार्यों की भावी कार्ययोजना का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। विभिन्न केंद्रों से प्राप्त स्थानीय मांगों और संसाधनों की कमियों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए त्वरित समाधान के निर्देश जारी किए गए।
गुणवत्ता सुधार एवं राष्ट्रीय मानकों पर जोर
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री महेश गोटा ने कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी और प्रसव सेवाओं में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। श्री गोटा ने स्पष्ट किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) और ‘कायाकल्प’ के तय मापदंडों पर खरा उतरें, जिससे अस्पतालों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और मरीज संतुष्टि को उच्चतम स्तर तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में रही गरिमामयी उपस्थिति
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. अरुण कुमार नेताम, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) श्री हितेन्द्र कुमार साहू सहित विकासखंड के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी, जीवन दीप समिति के सदस्य एवं स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।




