Home छत्तीसगढ़ संजय मार्केट में आधुनिक वॉशरूम का लोकार्पण, नागरिकों को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त सुविधा

संजय मार्केट में आधुनिक वॉशरूम का लोकार्पण, नागरिकों को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त सुविधा

0

एसपी कॉम्प्लेक्स परिसर में बनेगा फूल बाजार

रायगढ़ : शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, सार्वजनिक स्थलों के आधुनिकीकरण और बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय मार्केट में एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त आकांक्षी टॉयलेट ब्लॉक तैयार किया गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस आधुनिक सार्वजनिक सुविधा का महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्री अमित शर्मा, पार्षद श्री यादराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही एसपी कॉम्प्लेक्स के पास फूल मार्केट निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।

संजय मार्केट शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और आम नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त सार्वजनिक वॉशरूम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नगर निगम द्वारा इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दो मंजिला आकांक्षी टॉयलेट ब्लॉक विकसित किया गया है। इसमें महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं के साथ दिव्यांगजनों और छोटे बच्चों की जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह टॉयलेट ब्लॉक बाजार आने वाले नागरिकों के लिए सुविधाजनक साबित होगा और सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। इसी तरह फूल मार्केट निर्माण से व्यवस्थित रूप से फूल व्यापारियों को जगह मिलेगा। इसके लिए एसपी परिसर के रिक्त जगह पर फूल मार्केट का निर्माण व्यवस्थित रूप से होगा, जहां एक ही जगह पर फूल माला पूजा अर्चना की सामग्री उपलब्ध होगी।
महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक सुविधाएं दो मंजिला इस आकांक्षी टॉयलेट ब्लॉक में कुल 20 सीटों की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर महिलाओं के लिए चार इंडियन सीट, दो वेस्टर्न सीट, दो यूरिनल, दो बाथरूम, दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष टॉयलेट, दो वॉश बेसिन तथा एक बेबी केयर रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, प्रथम तल पर पुरुषों के लिए छह इंडियन सीट, दो वेस्टर्न सीट, पांच यूरिनल, तीन बाथरूम और दो वॉश बेसिन की व्यवस्था की गई है।

महिलाओं, पुरुषों, दिव्यांगजनों और छोटे बच्चों की अलग-अलग आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह टॉयलेट ब्लॉक सार्वजनिक सुविधाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे संजय मार्केट आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।

एसपी कॉम्प्लेक्स के पास बनेगा व्यवस्थित फूल मार्केट
संजय मार्केट में आधुनिक वॉशरूम के लोकार्पण के साथ ही एसपी कॉम्प्लेक्स के पास फूल मार्केट निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। फूल मार्केट विकसित होने से फूल व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने तथा बाजार क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। इससे फूलों की खरीद-बिक्री के लिए आने वाले नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी। निगम प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों को अधिक व्यवस्थित बनाते हुए व्यापारियों और आम नागरिकों, दोनों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है।

नागरिक सुविधाओं का विस्तार निगम प्रशासन की प्राथमिकता : महापौर श्री चौहान
इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। संजय मार्केट जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र में आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त वॉशरूम तैयार होने से व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता और सुविधाओं का विस्तार शहर के विकास के लिए आवश्यक है। निगम प्रशासन शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कर रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

व्यवस्थित बाजार और बेहतर सुविधाओं से शहर को मिलेगा नया स्वरूप : सभापति श्री साहू

सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में नागरिक सुविधाओं का विकास और व्यापारिक गतिविधियों को व्यवस्थित करना समय की आवश्यकता है। संजय मार्केट में आधुनिक वॉशरूम की सुविधा उपलब्ध होने से बाजार आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। वहीं, एसपी कॉम्प्लेक्स के पास फूल मार्केट निर्माण से फूल व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा। निगम प्रशासन का प्रयास है कि शहर में विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों की सुविधाओं में वृद्धि हो और बाजार क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here