महासमुंद : जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर महाविद्यालयों, स्कूलों और मतदान केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत अब तक 5,600 नए एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने की
कार्रवाई की जा चुकी है।जिले में वर्तमान में कुल 8,00,476 मतदाता दर्ज हैं।
निर्वाचन विभाग द्वारा 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से फॉर्म-6 भरवाकर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। इसी कड़ी में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बम्हनी में विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान 60 से अधिक छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन किया गया। साथ ही उन्हें मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारियां दी गईं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा दर्ज प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने पात्र युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं से अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।




