सक्ती : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती में 24 अक्टूबर को मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने चिकित्सा सेवाओं में लैब टेक्नोलॉजिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। आयोजन की शुरुआत सर एंटोनी वान ल्यूवेनहॉक के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके सिदार उपस्थित रहे। इनके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरदा के डॉ. अभिषेक कुर्रे, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोरथा के डॉ. नीलांबर कंवर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मसनियाकला की डॉ. प्रियंका सिदार भी शामिल हुईं।
बीमारी की पहचान में लैब जांच की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एनके सिदार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। खून और पेशाब सहित विभिन्न नमूनों की जांच से बीमारी की पहचान करने में मदद मिलती है। जांच के परिणामों के आधार पर चिकित्सकों को सही निदान करने और मरीज के लिए उचित उपचार तय करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य चिकित्सकों ने भी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वास्थ्य व्यवस्था में प्रयोगशाला जांच के महत्व को रेखांकित किया।
सर एंटोनी वान ल्यूवेनहॉक के योगदान की दी जानकारी
इस अवसर पर रवि शंकर श्रीवास ने सर एंटोनी वान ल्यूवेनहॉक के जीवन और वैज्ञानिक योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह कपड़ों के व्यापारी के रूप में शुरुआत करने वाले ल्यूवेनहॉक ने सूक्ष्मदर्शी के अध्ययन के माध्यम से विज्ञान के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें सूक्ष्मजीवों के अध्ययन के शुरुआती अग्रदूतों में गिना जाता है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में केक काटकर खुशियां मनाई गईं। आयोजन में लक्ष्मी प्रसाद बघेल, कमलेश चंद्रा, सीमा साहू, प्रभा कंवर, योगिता, खुशबू, सुभाषनी, संजय बंजारे, हितेश्वर प्रसाद सिदार, प्रयागराज, अनिल सिदार, रवि शंकर श्रीवास, निलेश, आशीष, फलक बानो, नैना, अमीषा, कन्हैया, उषा, गंगा, अंजुलता, सन्नी, जयराम, रुपेश, त्रिभुवन, आकाश, राकेश, तुलसी, चैतन्य और शिवगंगा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




